बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ऐतिहासिक रहा भाजयुमो अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार का कार्यकाल, विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के प्रति अडिग रही निष्ठा

 

सिंगरौली। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष के रूप में राजेंद्र सिंह परमार उर्फ पाल सिंह का करीब पांच वर्षों का कार्यकाल अब समाप्त हो गया है। लेकिन उनके कार्यकाल की चर्चा केवल संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, समर्पण, धैर्य और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा की एक ऐसी कहानी है, जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी।

करीब पांच वर्षों तक युवा मोर्चा की कमान संभालते हुए राजेंद्र सिंह परमार ने संगठन द्वारा सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया। युवाओं को संगठन से जोड़ने की बात हो, पार्टी के आंदोलनों और अभियानों में सक्रिय भागीदारी हो या फिर शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन, उन्होंने हर मोर्चे पर अपनी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।

इस कार्यकाल के दौरान राजेन्द्र सिंह के जीवन मे कई उतार- चढ़ाव आये। अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के कुछ ही समय बाद उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद भाई और फिर कुछ समय पश्चात माता जी को भी खोने का असहनीय दुख उनके जीवन में आया। एक के बाद एक परिवार पर आए इन दुखों ने निश्चित रूप से उन्हें भीतर तक झकझोर दिया होगा। लेकिन इन कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने धैर्य और साहस नहीं खोया।

आमतौर पर जब किसी व्यक्ति के जीवन में इतने बड़े पारिवारिक संकट आते हैं, तो उसके लिए सामान्य दिनचर्या में लौटना भी मुश्किल हो जाता है। लेकिन राजेंद्र सिंह परमार ने एक ओर परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, तो दूसरी ओर संगठन के प्रति अपने दायित्वों से भी कभी मुंह नहीं मोड़ा। व्यक्तिगत पीड़ा को अपने कर्तव्य के आड़े नहीं आने दिया। यही वह विशेषता रही, जिसने उनके कार्यकाल को सामान्य कार्यकालों से अलग पहचान दी।

युवा मोर्चा के विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता, युवाओं की भागीदारी और संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतर उपस्थिति ने सिंगरौली में संगठन को मजबूती प्रदान की। उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा ने कई कार्यक्रमों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। यही वजह रही कि जिला स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक उनकी कार्यशैली और समर्पण की सराहना होती रही।

राजनीति में पद मिलना एक उपलब्धि हो सकती है, लेकिन उस पद पर रहते हुए विपरीत परिस्थितियों में भी जिम्मेदारियों के प्रति ईमानदार बने रहना किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं होता। राजेंद्र सिंह परमार ने अपने कार्यकाल में इस परीक्षा को जिस तरह पार किया, वह संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और राजनीतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राजेन्द्र सिंह का अध्यक्ष का कार्यकाल भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन पांच वर्षों का संघर्ष, समर्पण और संगठन के लिए किया गया कार्य उनकी राजनीतिक पहचान का स्थायी हिस्सा रहेगा।निश्चित ही राजेंद्र सिंह परमार का यह कार्यकाल भाजयुमो सिंगरौली के इतिहास में एक नए अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। राजेन्द्र सिंह परमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर शीर्ष नेतृत्व अपने पदाधिकारी व सभी सहयोगियों का आभार जताया है।

Author

Related Articles

Back to top button