जयंत के शंकर मार्केट में एटीएम काटने का प्रयास, कैश लॉक नहीं तोड़ पाए बदमाश; सुरक्षा में बड़ी चूक उजागर

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित जयंत के शंकर मार्केट में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक निजी कंपनी के एटीएम को तोड़कर कैश चोरी करने का दुस्साहस किया। हालांकि, मशीन का कैश लॉक न खुलने के कारण बदमाश नकदी ले जाने में असफल रहे और क्षतिग्रस्त मशीन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
कैश बॉक्स तक पहुंचने का किया प्रयास
शनिवार सुबह जब स्थानीय नागरिकों ने एटीएम को बुरी तरह क्षतिग्रस्त देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। बदमाशों ने एटीएम के अधिकांश हिस्सों को तोड़ डाला था और वे मुख्य कैश वॉल्ट तक पहुंचने की कोशिश में थे, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद भी सुरक्षित लॉक को भेद नहीं सके।
सीएसपी पहुंचे मौके पर, सुरक्षा खामियों पर जताई चिंता
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) हेमंत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि यह एटीएम हिताची कंपनी द्वारा स्थापित किया गया था। जांच के दौरान यह गंभीर लापरवाही सामने आई कि एटीएम कियोस्क के अंदर कंपनी द्वारा कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया था।
सीएसपी ने बताया कि इस प्रकार की सुरक्षा खामियों और कैमरों के अभाव के कारण आरोपियों तक पहुंचने में जटिलता आती है। फिलहाल विंध्यनगर पुलिस ने आसपास की दुकानों व मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और संदिग्धों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।













