जंगल में दफन मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस
मोहरसोप भेला घाट का मामला, कई राज्यों में भेजा गया मृतक का हुलिया

सिंगरौली। चांदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरसोप चौकी के भेला घाट जंगल में अज्ञात युवक का शव दफन हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 29/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 को मेन रोड से करीब 50 मीटर अंदर जंगल में एक पुरुष का शव मिला था। मृतक की उम्र करीब 32 से 35 वर्ष बताई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में कराया गया है और पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है।
मृतक का रंग सांवला, कद करीब 5 फीट 2-3 इंच, चेहरा गोल, बाल काले व बड़े तथा फ्रेंच कट मूंछ-दाढ़ी है। उसने काले रंग की फुल बांह की शर्ट, काला बनियान, भूरे रंग का अंडरवियर और ग्रे रंग की पैंट पहन रखी थी। उसके पास दो चाबियां भी मिली हैं।
मोहरसोप चौकी प्रभारी कमलेश पाठक ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए छत्तीसगढ़ सहित झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मृतक के हुलिए से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर चांदनी थाना प्रभारी मोबाइल नंबर 9131788570 या मोहरसोप चौकी प्रभारी 9340081934 पर सूचना दें।













