बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माड़ा रेंज के घने जंगल में लगी भीषण आग, वन्यजीवों और वन संपदा को भारी नुकसान

सिंगरौली: जिले के माड़ा रेंज अंतर्गत ‘गीर’ जंगल क्षेत्र में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों और उठते काले धुएं को देख राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लगातार हो रही आगजनी की इन घटनाओं से क्षेत्र की बहुमूल्य वन संपदा और वन्यजीवों के अस्तित्व पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

वन्यजीवों को सुरक्षित ठिकानों की ओर करना पड़ा पलायन
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग की लपटों ने जंगल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सूखी झाड़ियाँ और वनस्पति पूरी तरह नष्ट हो गई। आग और धुएं के गुबार के कारण स्थानीय वन्यजीवों को अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन करना पड़ा।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, नियमित गश्त की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि पर्याप्त निगरानी और नियमित गश्त के अभाव में समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा पाता। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और आगजनी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

वन विभाग का पक्ष
इस मामले पर उप वन मंडलाधिकारी (SDO) एन.के. त्रिपाठी ने बताया कि माड़ा रेंज के अलावा जिले के अन्य वन क्षेत्रों से भी आग लगने की सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं और नुकसान को कम करने के लिए तत्पर हैं। साथ ही, उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे जंगल में आग जैसी किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button