17 वर्षीय नाबालिग लड़की लापता, परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप; पुलिस पर लापरवाही का आरोप

सिंगरौली: जिले के वैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने ‘शहबान खान’ नामक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से किशोरी की जल्द बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, यह घटना 15 मई की दोपहर की है, जब किशोरी घर पर अकेली थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने शहबान खान पर संदेह जताया। परिजनों का दावा है कि आरोपी शहबान पूर्व में भी इसी तरह का अपराध कर चुका है और उस मामले में जेल भी जा चुका है। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था, और इस घटना के बाद से वह भी अपने घर से गायब है, साथ ही उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कई दिनों तक थाने के चक्कर काटने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और शुरुआती दौर में इसे महज एक सामान्य गुमशुदगी बताकर पल्ला झाड़ लिया। परिवार के मुताबिक, गुरुवार को जब उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ थाने पहुंचकर दबाव बनाया, तब जाकर कहीं गुमशुदगी दर्ज की गई।
इस मामले पर वैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने कहा कि गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आश्वासन दिया है कि किशोरी की बरामदगी के हर संभव प्रयास किए जाएंगे और यदि शुरुआती स्तर पर पुलिस स्टाफ द्वारा कोई लापरवाही बरती गई है, तो उसकी भी उचित जांच की जाएगी।













