तेंदूपत्ता से भरा ट्रक जलकर हुआ राख, बाल-बाल बचे चालक और खलासी

सिंगरौली: जिले के लघाडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोंगरी इलाके में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। तेंदूपत्ता से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही पलों में ट्रक और उसमें लदा लाखों का तेंदूपत्ता आग की लपटों में घिर गया और जलकर राख हो गया।
समय रहते कूदे चालक-खलासी, टला बड़ा हादसा
घटना के समय ट्रक में सवार चालक और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, दोनों सुरक्षित हैं। हालांकि, ट्रक पूरी तरह से नष्ट हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आग की लपटें देखीं, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस और वन विभाग को घटना की सूचना दी।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
सूचना मिलते ही लघाडोल थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती, तब तक करीब 90 प्रतिशत तेंदूपत्ता जलकर खाक हो चुका था। फिलहाल, ट्रक में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग तकनीकी खराबी के कारण लगी या कोई अन्य कारण था।













