बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिले भर में हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई ईद-उल-अजहा, हजारों ने अदा की नमाज

सिंगरौली: जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे अकीदत, हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर की प्रमुख ईदगाह में सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाजियों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, भाईचारे व खुशहाली की विशेष दुआ मांगी।

भाईचारे का दिखा संदेश
नमाज की अदायगी के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह परिसर में सुबह से ही भारी संख्या में नमाजी एकत्र होने लगे थे। इस अवसर पर समाज के लोगों ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद
ईद के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, तहसीलदार, टीआई, आरआई व पटवारी सहित नगर निगम के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरंतर जायजा लेते रहे।

नगर निगम की सराहनीय पहल
नगर निगम द्वारा नमाजियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिसमें मुख्य रूप से ईदगाह मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता और सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग शामिल थी। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी और सहयोग के चलते पूरा कार्यक्रम बेहद शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

Author

Related Articles

Back to top button