देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जबलपुर-बांद्रा साप्ताहिक ट्रेन अब नियमित एक्सप्रेस बनी

29 मई से नए नंबर 20164/20163 के साथ होगा संचालन, यात्रियों को मिलेगा कम किराया और बेहतर सुविधा

जबलपुर। Ministry of Railways ने रेल यात्रियों की सुविधा और बेहतर सेवाओं को ध्यान में रखते हुए जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित करने का फैसला लिया है। वर्तमान में चल रही गाड़ी संख्या 02134/02133 को अब नए नियमित नंबर 20164/20163 के साथ चलाया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत गाड़ी संख्या 20164 जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस 29 मई से प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से संचालित होगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 20163 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 30 मई से प्रत्येक शनिवार को चलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन के रेगुलर होने से यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों की तुलना में कम किराए पर यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही समय पालन में सुधार होने से लेटलतीफी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह रहेगा ट्रेन का समय

गाड़ी संख्या 20164 जबलपुर से शाम 5 बजे रवाना होकर नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, भोपाल, संत हिरदाराम नगर, उज्जैन, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरीवली होते हुए अगले दिन दोपहर 2:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुँचेगी।

वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 20163 बांद्रा टर्मिनस से शनिवार शाम 4:30 बजे रवाना होकर बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, उज्जैन, संत हिरदाराम नगर, भोपाल, नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर होते हुए रविवार दोपहर 3:10 बजे जबलपुर पहुँचेगी।

24 कोचों के साथ चलेगी ट्रेन

इस एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 एसी फर्स्ट क्लास, 2 एसी सेकेंड क्लास, 6 एसी थर्ड क्लास, 9 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। यात्रियों ने रेलवे के इस फैसले का स्वागत किया है।

Author

Related Articles

Back to top button