भोपाल: ट्विशा शर्मा केस – गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को 5 दिन की सीबीआई रिमांड
मां-बेटे को आमने-सामने बैठाकर होगी गहन पूछताछ, हर पहलू की जांच तेज

भोपाल। ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सीबीआई हर दिन एक्शन मोड में जांच कर रही है। गुरुवार को रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर घंटों पूछताछ और थ्रीडी मैपिंग के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार को सीबीआई ने गिरिबाला सिंह को उनके बेटे समर्थ सिंह के साथ भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया, जहां जज शोभना भलावे की कोर्ट ने दोनों को 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया।
विदित हो कि समर्थ सिंह पहले से पुलिस रिमांड पर थे, जिसका शुक्रवार को अंतिम दिन था। इसके बाद सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथों में ले ली। इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बुधवार रात को गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द कर दी थी।
सीबीआई अब मां-बेटे को आमने-सामने बैठाकर ट्विशा शर्मा की मौत वाली रात की परिस्थितियों, घर में मौजूद लोगों की गतिविधियों और घटना के बाद की कार्रवाई की गहन जांच करेगी। समर्थ से यह भी सवाल किए जाएंगे कि उन्होंने फरारी कहां और किसके साथ बिताई।
पीड़ित परिवार ने जताई गंभीर आशंका
पीड़ित परिवार के अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कोर्ट में कहा कि हाईकोर्ट और जिला अदालत के हालिया फैसलों से न्यायपालिका पर जनता का भरोसा मजबूत होगा। उन्होंने दावा किया कि 12 मई की घटना के बाद गिरिबाला सिंह कई दिनों तक उसी घर में मौजूद रहीं, जहां वारदात हुई थी, जिससे साक्ष्यों में छेड़छाड़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
कोर्ट परिसर में सामान्य व्यवहार
अधिवक्ता ने बताया कि मां-बेटे अदालत परिसर में सामान्य तरीके से बातचीत करते नजर आए, जिससे ऐसा प्रतीत नहीं हुआ कि वे किसी बड़े सदमे में हैं।
समर्थ सिंह का बयान
समर्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि ट्विशा के साथ उन्होंने घटना वाले दिन खाना खाया और उसके बाद वॉक पर गए। दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, और किसी संकेत से यह नहीं लगा कि ट्विशा आत्महत्या करने वाली थी।
सीबीआई की आगामी पूछताछ में इस मामले की हर कड़ी की तह तक जांच की जाएगी।













