आंध्र प्रदेश में तूफान और बारिश का कहर, चार लोगों की मौत
पेड़ और बिजली के तार गिरने से हादसे, कई जिलों में ब्लैकआउट और जलभराव

अमरावती। Andhra Pradesh के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार देर रात आए भीषण तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई जिलों में सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। तेज हवाओं और बारिश के कारण यातायात और बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।
पेड़ गिरने और करंट लगने से मौतें
कृष्णा जिले के कुम्मारपालम में मोटरसाइकिल से जा रहे दो युवकों मनोहर और शिवराम कृष्ण पर विशाल पेड़ गिर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कृष्णा जिले के लंकापल्ली गांव में इंटरमीडिएट छात्रा अनीता सुबह पानी भरने गई थी, तभी तूफान में टूटकर गिरे बिजली के लाइव तार की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। इसके अलावा एनटीआर जिले के विजयवाड़ा में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड पर बिजली का तार गिरने से उसकी भी मौत हो गई।
आकाशीय बिजली से लगी आग
पूर्वी गोदावरी जिले में रैथू सेवा केंद्र पर आकाशीय बिजली गिरने से वहां रखी खाली बोरियों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सड़कों पर जलभराव, कई जिलों में बिजली गुल
मछलीपट्टनम शहर की सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। तूफान के कारण कृष्णा, गुंटूर, प्रकाशम, बापटला, पलनाडु, पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी, कोनसीमा तथा कडप्पा जिलों के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
ऊर्जा मंत्री गोट्टिपाटी रवि कुमार ने बताया कि तेज तूफान से ग्रिड और ट्रांसमिशन लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों को जल्द से जल्द बिजली बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा, गुंटूर, बापटला और तिरुपति जिलों में अगले 24 घंटों तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आंधी-बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स के नीचे शरण न लें।













