थाना जियावन पुलिस की बड़ी सफलता, घर में आग लगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री शियाज के.एम. (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के नेतृत्व में थाना जियावन पुलिस ने घर में आगजनी करने वाले आरोपी को घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 27 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे ग्राम कटौली में पुरानी रंजिश के चलते आरोपी राजेश द्विवेदी ने फरियादिया श्रीमती अनीता द्विवेदी के घर के पोर्च में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर उसमें माचिस से आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में घर का मुख्य दरवाजा, बरामदा और एक कमरा जलकर खाक हो गया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
फरियादिया की शिकायत पर थाना जियावन में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 326(जी) के तहत अपराध क्रमांक 0311/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और 28 मई 2026 को आरोपी राजेश द्विवेदी (32 वर्ष), निवासी ग्राम कटौली, थाना जियावन, जिला सिंगरौली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल पचोर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे, उप निरीक्षक यज्ञ लाल वर्मा, उप निरीक्षक इंद्रपाल वर्मा, एएसआई तेज बहादुर सिंह, एएसआई मोहन प्रजापति, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रमेश चंदन (जांच अधिकारी), प्रधान आरक्षक आशीष द्विवेदी, आरक्षक नाथूलाल सहित थाना जियावन पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रीय नागरिकों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।













