अमृत योजना के तहत शिव मंदिर तालाब का होगा आकर्षक सौन्दर्यीकरण, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सिंगरौली। नगर परिषद बरगावां अंतर्गत अमृत योजना के तहत वार्ड क्रमांक 15 स्थित शिव मंदिर तालाब के सौन्दर्यीकरण कार्य का बुधवार को अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद बरगवाँ अमित सिंह ने निर्माण स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब का सौन्दर्यकरण केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि नगर की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसलिए कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
सीएमओ अमित सिंह ने संबंधित अधिकारी पी.डी.एम.सी. इंजीनियर रितिक त्रिपाठी, समयपाल आदर्श मिश्रा एवं ठेकेदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य को तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को शीघ्र बेहतर एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था तथा तालाब परिसर के सौन्दर्यकरण से जुड़े विभिन्न कार्यों की भी जानकारी ली। नगरवासियों ने उम्मीद जताई कि कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।













