उप स्वास्थ्य केंद्र करामी में चार महीने से रखा वाटर फ्रीजर नहीं हुआ चालू
भीषण गर्मी में मरीज और परिजन परेशान

सिंगरौली; जिले की माडा तहसील अंतर्गत ग्राम करामी स्थित ग्राम पंचायत उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार करीब चार महीने पहले मरीजों और ग्रामीणों के लिए पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एक वाटर फ्रीजर भेजा गया था, लेकिन आज तक उसे स्थापित नहीं किया गया।
भीषण नौतपा गर्मी के बीच उप स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इस स्वास्थ्य केंद्र में आसपास के 30 से 40 गांवों के लोग इलाज और डिलीवरी के लिए आते हैं। यहां प्रतिदिन लगभग पांच डिलीवरी होने की बात भी सामने आई है, लेकिन इसके बावजूद स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र में केवल एक हैंडपंप है, जिसका पानी खराब और पीने योग्य नहीं है। स्थानीय निवासी अरविंद शाह ने बताया कि मामले की शिकायत 181 पर भी की गई है और वाटर फ्रीजर लगाने की मांग की गई है। आरोप है कि शिकायत के बाद केंद्र में पदस्थ सीएचओ श्वेता पटेल द्वारा शिकायत वापस लेने के लिए फोन करवाए जाते हैं और जल्द फ्रीजर लगाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
समाचार टीम द्वारा 29 मार्च 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निरीक्षण किया गया, जहां सीएचओ श्वेता पटेल मौजूद नहीं मिलीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वाटर फ्रीजर केंद्र परिसर में रखा हुआ है, लेकिन उसे चालू नहीं किया गया है।
स्थानीय समाजसेवियों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग तथा प्रशासन से मामले में तत्काल ध्यान देने की मांग की है। उनका कहना है कि जब किसी संस्था द्वारा लोगों की सुविधा के लिए वाटर फ्रीजर भेंट किया गया था, तो उसे अब तक शुरू क्यों नहीं किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।













