ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; बरौहा गांव में सार्वजनिक सड़क से हटाया गया अवैध कब्जा

सिंगरौली: जिले के देवसर ब्लॉक अंतर्गत बरौहा गांव में सार्वजनिक सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार सुबह सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर किए गए करीब 500 मीटर लंबे अवैध कब्जे को पूरी तरह हटा दिया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

सड़क पर मिट्टी डालकर किया गया था बाधित
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी लाले शर्मा ने सार्वजनिक रास्ते पर मिट्टी डालकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया था। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब वहां पक्का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को दैनिक आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

कलेक्टर को शिकायत के बाद जागी प्रशासन की नींद
इस अतिक्रमण से परेशान होकर स्थानीय निवासी रामकृष्ण भट्ट और अन्य ग्रामीणों ने इस अवैध कब्जे को हटाने के लिए जिला कलेक्टर को शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और अतिक्रमण को सही पाते हुए इसे हटाने का निर्णय लिया।

एसडीएम की दो टूक: अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं
कार्रवाई के दौरान एसडीएम सौरभ मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जांच में सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा पाया गया था, जिसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि सार्वजनिक भूमि या रास्ते पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने साफ किया कि प्रशासन द्वारा भविष्य में भी सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप की स्थिति है।

Author

Related Articles

Back to top button