सिंगरौली में स्कॉर्पियो पलटी, पांच युवक घायल

सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गर्रा नदी पुल के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि हादसा सड़क पर आए एक बच्चे को बचाने के प्रयास में हुआ। दुर्घटना में वाहन सवार पांच युवक घायल हो गए।
सूचना मिलते ही माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो जयंत से माड़ा की ओर जा रही थी और वाहन तेज गति में था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन में सवार युवक नशे की हालत में हो सकते हैं। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से वाहन को हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।













