ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम सहित क्षीरधारा ग्राम योजना अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करें: गौरव बैनल

सिंगरौली, / कलेक्टर श्री गौरव बेन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को योजना का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया है। कलेक्टर ने योजना के क्रियान्वयन की प्रगति कम होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिए कि ‘हिरण्यगर्भा अभियान’ अंतर्गत नस्ल सुधार हेतु कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करें। अभियान के तहत निर्धारित किए गए वार्षिक लक्ष्यों का मासिक लक्ष्यों में निर्धारण कर पशु चिकित्सा एवं अधीनस्थ अमलों को लक्ष्य की पूर्ति किए जाने हेतु निर्देशित करें।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पशुओं में यूआईडी टैग लगाकर, पशु पंजीकरण, कृत्रिम गर्भाधान, गर्भ परीक्षण एवं वत्सोत्पादन की प्रविष्टि ‘भारत पशुधन ऐप’ पर अनिवार्य रूप से की जाए। इसके लिए डीडीवीएस अपने अधीनस्थ एआई प्रशिक्षित ‘मैत्री’ एवं गौ सेवकों की एक सप्ताह के भीतर प्रशिक्षण आयोजित कर ऐप संचालन का प्रशिक्षण दें। उन्होंने निर्देश दिए कि निजी कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता एवं मैत्री को प्रति कृत्रिम गर्भाधान एवं वत्सोत्पादन पश्चात टैग किए जाने पर दिया जाने वाला मानदेय निर्धारित समय पर भुगतान किया जाए।

कलेक्टर ने क्षीरधारा ग्राम योजना की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि उन्नत नस्ल व प्रचुर दुग्ध उत्पादन हेतु निर्धारित किए गए क्षीरधारा ग्रामों में टैगिंग एवं टीकाकरण का कार्य निर्धारित समयावधि पर पूर्ण किया जाए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से अपने कार्य क्षेत्रों का भ्रमण करें एवं ‘सार्थक ऐप’ पर अपनी प्रतिदिवस की उपस्थिति दर्ज करें। इस संबंध में कलेक्टर ने डीडीवीएस को सख्त निर्देश दिए कि एवीएफओ सहित अन्य मैदानी अमले के प्रतिदिवस के कार्यों की समीक्षा करें।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में उपस्थित एआई प्रशिक्षित मैत्री एवं गौ सेवकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि योजना अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सीएसआर मद के माध्यम से पशुपालन एवं डेयरी उत्पादन से संबंधित कार्यों में सहयोग भी दिया जाएगा। बैठक के दौरान पशुपालन विभाग के प्रभारी संभागीय अधिकारी डॉ. अनवर आलम खान, पशु विभाग के सर्जन डॉ. मनु दीक्षित, डॉ. कल्पना पटेल, डीडीवीएस डॉ. बीरेन्द्र प्रजापति, पशु चिकित्सक डॉ. अनामिका विश्वकर्मा, शिल्पा पटेल, अंकिता मिश्रा सहित एआई प्रशिक्षित मैत्री एवं गौ सेवक उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button