शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, 8 वाहन जलकर खाक
संकरी गलियों में घंटों चली जद्दोजहद, लाखों का नुकसान

जबलपुर। शहर के मिलौनीगंज स्थित रूपरानी के बाड़े में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घरों के बाहर खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दीपिका गुप्ता, उमाशंकर सोनी, राजेश ठाकुर, ब्रजेश श्रीवास्तव और रिंकू रैकवार सहित अन्य स्थानीय निवासियों के कुल 8 वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहनों के टायर फटने से जोरदार धमाके हुए और पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक मकान में फंसे परिवार को अपनी जान बचाने के लिए छत का छप्पर तोड़कर बाहर निकलना पड़ा।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस अग्निकांड में 10 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।













