अनूपपुर-उमरिया सीमा पर भीषण हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से पलटी, 6 की मौत, 30 से अधिक घायल
तिवनी जंगल से पूजा कर लौट रहे ग्रामीण बने हादसे का शिकार, महिलाओं और बच्चों सहित दर्जनों घायल

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुष्पराजगढ़ तहसील के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरई चौकी के तिवनी गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी और पलट गई।
जानकारी के अनुसार गिंजरी और पड़मनिया गांव के ग्रामीण परिवार बिजौरा ग्राम पंचायत के तिवनी जंगल में पूजा-अर्चना करने गए थे। देर शाम वापस लौटते समय ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिया के मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर लगभग दस फीट नीचे जा गिरी। ट्रॉली में करीब 40 से अधिक लोग सवार थे।
दो की मौके पर मौत, चार ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में दो ग्रामीणों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में घनश्याम सिंह (45), भूपत सिंह (50) निवासी पड़मनिया, सहबल बैगा (55) पिता गल्लीराम तथा बीर सिंह (60) निवासी गिंजरी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
महिलाएं और बच्चे भी घायल
हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से पाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गंभीर घायलों के उपचार के चलते अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में परिजन वहां पहुंच गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण मान रही है। बताया जा रहा है कि चालक मोड़ पर वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके कारण ट्रॉली पुलिया से नीचे पलट गई। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
मृतकों के परिजनों को 8-8 लाख रुपये सहायता
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख रुपये तथा संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की घोषणा की। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार का भी आश्वासन दिया है।













