बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सरकारी आवास की बिजली गुल होने पर भड़के जज, पूरे चित्रकूट की बिजली बंद करवाई

न्यायिक मजिस्ट्रेट पर मनमानी का आरोप, सब स्टेशन में एक घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

 

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में शुक्रवार रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राम अवतार पटेल पर आरोप है कि सरकारी आवास की बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज होकर उन्होंने स्वयं बिजली सब स्टेशन पहुंचकर पूरे कस्बे की बिजली सप्लाई बंद करवा दी। इस घटना से करीब एक घंटे तक चित्रकूट अंधेरे में डूबा रहा और क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

आंधी-तूफान से ठप हुई थी बिजली व्यवस्था

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की रात आए तेज आंधी-तूफान के कारण 33 केवी के दो फीडरों में फाल्ट आ गया था, जिससे चित्रकूट क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। विभाग ने दिनभर मरम्मत कार्य कर अधिकांश क्षेत्रों की बिजली बहाल कर दी थी, जबकि कुछ व्यक्तिगत शिकायतों का निराकरण शेष था, जिनमें मजिस्ट्रेट का आवास भी शामिल था।

“पहले मेरे घर की बिजली ठीक करो”

बताया गया है कि शाम करीब 7:30 बजे न्यायिक मजिस्ट्रेट दो पुलिसकर्मियों के साथ रजौला सब स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर से नाराजगी जताई और कथित रूप से निर्देश दिया कि जब तक उनके आवास की बिजली बहाल नहीं होती, तब तक पूरे कस्बे की बिजली बंद रखी जाए। आरोप है कि ऑपरेटर को कंट्रोल रूम से बाहर कर दिया गया और सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति रोक दी गई।

जनता का फूटा गुस्सा, सब स्टेशन पर हंगामा

अचानक दोबारा बिजली गुल होने से नाराज बड़ी संख्या में उपभोक्ता रजौला सब स्टेशन पहुंच गए। जब लोगों को बिजली बंद होने की वजह बताई गई तो उन्होंने विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए मजिस्ट्रेट वहां से चले गए।

अधिकारियों और पुलिस ने संभाली स्थिति

मामले की सूचना मिलते ही कनिष्ठ अभियंता प्रवीण वर्मा मौके पर पहुंचे और बिजली व्यवस्था बहाल कराई। स्थानीय पुलिस बल भी सब स्टेशन पहुंचा। वहीं कार्यपालन अभियंता पंकज द्विवेदी को भी स्थिति की जानकारी दी गई।

जज के खिलाफ थाने में शिकायत

घटना से नाराज विद्युत कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने थाने पहुंचकर न्यायिक मजिस्ट्रेट के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button