खनिजों के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, खनिज विभाग ने जप्त किए 4 वाहन

खनिजों के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, खनिज विभाग ने जप्त किए 4 वाहन
सिंगरौली- कलेक्टर गौरव बैनल के कड़े निर्देशानुसार एवं खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सहायक खनि अधिकारी श्री रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में आज, दिनांक 30 मई 2026 को प्रातःकाल आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिना वैध अभिवहन पास (रॉयल्टी) के अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 4891 को जप्त कर सुरक्षार्थ पुलिस थाना माडा में खड़ा कराया गया।
इसी तरह खनिज अमले द्वारा ग्राम जैतपुर से बिना वैध पास के अवैध रूप से बोल्डर का परिवहन करते हुए एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। साथ ही, रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 1557 को भी जप्त किया गया। इन दोनों वाहनों को आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी जयंत की सुपुर्दगी में दिया गया है। इसके अतिरिक्त, रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक बिना नंबर के डंपर को भी जप्त कर थाना नवानगर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
इस प्रकार खनिज विभाग द्वारा सुबह-सुबह की गई इस त्वरित कार्रवाई में कुल 4 वाहनों को जप्त किया गया है। विभाग द्वारा पकड़े गए सभी वाहनों के विरुद्ध मध्य प्रदेश खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर इस तरह की छापामार कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।













