नशीली कफ सिरप की सप्लायर महिला गिरफ्तार, 19 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद

सिंगरौली। गढ़वा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 नग कोडीन फास्फेट युक्त नशीली कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना गढ़वा में अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि ग्राम घोघरा निवासी फत्तेलाल बैस को 3 अप्रैल 2026 को ग्राम क्योटली स्थित सोन नदी घाट के पास 8 नग कोडीन फास्फेट युक्त कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह यह नशीली सिरप सोनभद्र जिले के भरहरी निवासी रसियन गुप्ता से खरीदकर बिक्री के लिए ले जा रहा था।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रसियन गुप्ता को भी मामले में आरोपी बनाया था। उसकी तलाश में लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा गया। इसी क्रम में 29 मई 2026 को पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के भरहरी गांव में दबिश देकर उर्मिला उर्फ रसियन गुप्ता (34 वर्ष) पत्नी दीनदयाल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से 19 नग ESCODYL कोडीन फास्फेट युक्त कफ सिरप, जिसकी अनुमानित कीमत 3,230 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। पुलिस ने बरामद सामग्री जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज़ के. एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी गढ़वा निरीक्षक विद्यावारिधि तिवारी, थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













