भारी बारिश का असर: केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित, बद्रीनाथ हाईवे पर लंबा जाम
ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन सतर्क, श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका के चलते चारधाम यात्रा प्रभावित होने लगी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रुद्रप्रयाग प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। वहीं, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी भारी जाम की स्थिति बनने से हजारों यात्री घंटों तक फंसे रहे।
प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद यह फैसला लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि खराब मौसम, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क मार्गों पर बढ़ते खतरे को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रुकने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
आपात स्थिति के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु हेल्पलाइन नंबर 8958757335, 8218326386 अथवा 112 पर संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से मौसम और प्रशासनिक निर्देशों की नियमित जानकारी लेते रहने की अपील की है।
बद्रीनाथ मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनी चुनौती
उधर, चमोली जिले में जोशीमठ के पास बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-7) पर लंबा जाम लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने 30-30 मिनट के अंतराल पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की है।
चमोली पुलिस के अनुसार प्रतिदिन करीब 30 से 35 हजार श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम और 5 से 10 हजार श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ और खराब मौसम के कारण सड़क नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
भू-धंसाव वाले क्षेत्र बने चिंता का कारण
प्रशासन ने बताया कि जोशीमठ-मारवाड़ी-विष्णुप्रयाग मार्ग का लगभग 10 किलोमीटर हिस्सा भू-धंसाव और सड़क क्षति से प्रभावित है। इसी वजह से यातायात संचालन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हालात को नियंत्रित रखने के लिए नरसिंह मंदिर के पास विशेष गेट सिस्टम लागू किया गया है, जिसके तहत वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति सामान्य होने तक प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।













