नामांतरण के लिए मांगी रिश्वत, पटवारी 5 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
लोकायुक्त जबलपुर की बड़ी कार्रवाई, गोटेगांव तहसील के पटवारी घनश्याम गढ़वाल ट्रैप में पकड़े गए

जबलपुर/नरसिंहपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त जबलपुर की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को लोकायुक्त टीम ने नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव तहसील में पदस्थ एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी जमीन नामांतरण के प्रकरण में आवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, गोटेगांव तहसील के ग्राम पड़रिया निवासी संदीप कुमार की माता ममता देवी ने 29 अप्रैल 2026 को ग्राम मुआर में करीब 7 एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी। भूमि का नामांतरण कराने के लिए संबंधित हल्का पटवारी घनश्याम गढ़वाल द्वारा 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर संदीप कुमार ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी 10 हजार रुपए की बजाय 5 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत सोमवार को आवेदक आरोपी के निजी कार्यालय पहुंचा। महिंद्रा शोरूम के पास स्थित कार्यालय में जैसे ही पटवारी घनश्याम गढ़वाल ने 5 हजार रुपए रिश्वत के तौर पर स्वीकार किए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
ट्रैप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की विशेष टीम शामिल रही। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।













