ट्रेन में सीट विवाद के बाद युवक की हत्या, बोरदेही स्टेशन पर पीट-पीटकर मार डालने का आरोप
छिंदवाड़ा निवासी अली खान की मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी जीआरपी

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले स्थित बोरदेही रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि छिंदवाड़ा निवासी युवक अली खान की कुछ लोगों ने स्टेशन पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह स्टेशन परिसर में शव मिलने के बाद जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अली खान अपने दोस्तों जयंत विश्वकर्मा, शिवम मालवीय और यश उर्फ रिक्की के साथ ट्रेन से यात्रा कर रहा था। बताया जा रहा है कि अली नागपुर में नौकरी करता था और दोस्तों के साथ यात्रा पर निकला था। सफर के दौरान परासिया स्टेशन के पास सीट पर बैठने को लेकर उसका एक युवक से विवाद हो गया था। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और ट्रेन आगे बढ़ गई।
मृतक के साथियों का आरोप है कि विवाद के बाद दूसरे पक्ष के युवक ने अपने परिचितों को बोरदेही रेलवे स्टेशन बुला लिया। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पहुंची, 12 से 15 लोगों का समूह वहां मौजूद था। आरोप है कि हमलावरों ने अली खान को ट्रेन से नीचे खींच लिया और डंडों से बेरहमी से मारपीट की।
साथियों के अनुसार हमलावर अन्य युवकों की भी तलाश कर रहे थे, जिसके चलते वे जान बचाने के लिए दूसरे डिब्बों में जाकर छिप गए। घटना के बाद वे आमला पहुंचे और जीआरपी को पूरे मामले की जानकारी दी।
जीआरपी प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर जांच कर रही है। रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













