बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

सगाई समारोह में जा रहे परिवार की टेंपो ट्रैवलर पलटी, बाइक सवार महिला और युवती की मौत

खरगोन जिले के मगरिया फाटा के पास हादसा, 15 से अधिक लोग घायल; तीन की हालत गंभीर

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में सोमवार सुबह खंडवा-बड़ोदरा हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि टेंपो ट्रैवलर में सवार 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा जैतापुर थाना क्षेत्र के मगरिया फाटा के पास हुआ, जहां एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क पर चल रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्री खंडवा जिले के पिपलोद क्षेत्र में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वाहन औरंगपुरा से रवाना हुआ था और उसमें परिवार के सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि मगरिया फाटा के पास सामने अचानक एक कार आने से चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और टेंपो ट्रैवलर पलट गई।

हादसे की चपेट में बाइक क्रमांक एमपी-10-जेई-5250 भी आ गई। बाइक पर सवार बालूसिंह अपनी पत्नी मीना और बेटी अनीता के साथ बुरहानपुर जा रहे थे। दुर्घटना में मीना और अनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालूसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुंदन सिसोदिया के अनुसार घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अधिकांश घायल महिलाएं बताई जा रही हैं।

टेंपो ट्रैवलर के चालक विजय बछानिया ने बताया कि सामने अचानक एक ब्रेजा कार आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button