चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 45 यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
ग्वालियर से इंदौर जा रही बस में पनिहार रेलवे स्टेशन के पास भड़की आग, सभी यात्री सुरक्षित

ग्वालियर। ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियो कोच बस में रविवार देर रात आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बस आग की लपटों से घिर गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बस स्टाफ की सतर्कता और यात्रियों की समझदारी से सभी 45 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 09 एफए-9349 रविवार रात करीब 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रात लगभग 11 बजे जब बस पनिहार रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी उसके इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में धुआं आग की लपटों में बदल गया और आग तेजी से फैलने लगी।
बस के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को भांपते हुए चालक और क्लीनर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। मुख्य दरवाजे पर भीड़ बढ़ने पर कई यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहगीरों और बस कर्मचारियों की मदद से कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पनिहार थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी रोकना पड़ा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बस और उसमें रखा कुछ सामान आग की चपेट में आने से नुकसानग्रस्त हो गया।













