ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

भिंड में बिना डिग्री इलाज का आरोप, ड्रिप चढ़ाने के बाद 22 वर्षीय युवक की मौत

 

भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र में एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान 22 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के स्वजन ने क्लीनिक संचालक और भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह पर बिना मेडिकल डिग्री के इलाज करने और गलत उपचार से युवक की जान जाने का आरोप लगाया है।

मेंहदवा निवासी विश्वास राजावत को शुक्रवार को पेट दर्द की शिकायत होने पर रौन बाजार स्थित क्लीनिक ले जाया गया था। स्वजन का आरोप है कि वहां संचालक ने दवा देने के साथ युवक को दो बोतल ड्रिप चढ़ाई। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे भिंड ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शनिवार को रौन थाने का करीब छह घंटे तक घेराव किया। प्रदर्शनकारी क्लीनिक संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के मामला दर्ज करने के आश्वासन के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने पर सहमत हुए।

देर शाम पुलिस ने क्लीनिक संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने संबंधित मेडिकल स्टोर और क्लीनिक को सील कर दिया। संचालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है।

स्वजन ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में इसी क्लीनिक में इलाज के बाद एक अन्य युवक की मौत हुई थी। हालांकि पुलिस ने इस आरोप की जांच की बात कही है। विश्वास दो भाइयों में सबसे बड़ा था और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। उसने 16 अगस्त को रेलवे की परीक्षा भी दी थी।

रौन थाना पुलिस के अनुसार, निजी क्लीनिक में उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हुई है। स्वजन की शिकायत और प्रदर्शन के बाद संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button