राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर पीएम मोदी का संदेश: ‘हाथ में तिरंगा, अंतरिक्ष और 140 करोड़ देशवासियों का सपना’

नई दिल्ली। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से बड़े सपने देखने, नवाचार करने और नई सीमाओं को पार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और युवा पीढ़ी इस परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि भविष्य की नई उड़ान का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक मंच पर अपनी अंतरिक्ष क्षमता का लगातार विस्तार कर रहा है और यह देश के नए युग की शुरुआत का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा कि जेन-जी इंजीनियर, डिजाइनर, कोडर और वैज्ञानिक नई-नई तकनीकों के विकास में जुटे हैं। प्रोपल्शन सिस्टम, कंपोजिट मटेरियल, रॉकेट स्टेज और सैटेलाइट प्लेटफॉर्म जैसे क्षेत्रों में भारतीय युवा ऐसे कार्य कर रहे हैं, जिनकी कुछ वर्ष पहले कल्पना भी कठिन थी।
उन्होंने कहा कि भारत का निजी अंतरिक्ष क्षेत्र भी विश्वभर में अपनी अलग पहचान बना रहा है और वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। इसरो की सफलताओं से प्रेरित होकर देश के लाखों बच्चे वैज्ञानिक बनने का सपना देख रहे हैं। रॉकेट लॉन्च का काउंटडाउन युवाओं में विज्ञान और तकनीक के प्रति उत्साह पैदा कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के अंत में कहा, “हाथ में तिरंगा है, अंतरिक्ष है और 140 करोड़ देशवासियों का सपना है, वही हम सबका संकल्प है।” उन्होंने विश्वास जताया कि अंतरिक्ष क्षेत्र की प्रगति भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।









