देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़ में हाईटेक पेपर लीक का खुलासा, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में बीएससी कृषि परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दुर्ग के एक निजी कृषि कॉलेज के प्रोफेसर ने सीलबंद लिफाफे को बिना खोले उसमें सुई से बेहद बारीक छेद कर एंडोस्कोपी कैमरा अंदर डाल दिया और प्रश्नपत्र का वीडियो बना लिया। इसके बाद प्रश्नों को हाथ से लिखकर छात्रों को 11-11 हजार रुपए में बेच दिया गया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत पांच छात्रों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक भारती एग्रीकल्चर कॉलेज में वर्ष 2019 से प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से परीक्षा संबंधी सामग्री लेने रायपुर जाता था। 17 अगस्त को वह बीएससी कृषि सेकेंड ईयर के कीटशास्त्र विषय का सीलबंद प्रश्नपत्र लेकर घर पहुंचा। इसके बाद उसने लिफाफे में बारीक छेद कर एंडोस्कोपी कैमरा अंदर डाला और पूरे प्रश्नपत्र की रिकॉर्डिंग कर ली।

वीडियो से प्रश्नों को कॉपी में हाथ से लिखने के बाद आरोपी ने लिफाफे के छेद को फेविकोल से बंद कर दिया। परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र छात्रों तक वॉट्सऐप के जरिए पहुंचा। प्रत्येक छात्र से इसके लिए 11 हजार रुपए लिए गए।

प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय ने संबंधित परीक्षाएं स्थगित कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दुर्ग पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए एक छात्र को हिरासत में लिया। इसके बाद कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में करीब 36 घंटे चली जांच में पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 हजार रुपए नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, हस्तलिखित कॉपी और फेविकोल बरामद किया है। फरार दो आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button