देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से बड़ा हादसा, दो की मौत; पांच घायल

 

मुंबई। गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। ‘भुलेश्वर चा राजा’ के नाम से प्रसिद्ध भगवान गणेश की करीब 22 फीट ऊंची प्रतिमा मंडप तक ले जाते समय अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे विशाल गणेश प्रतिमा को भायखला से भुलेश्वर ले जाया जा रहा था। मंडप से लगभग 50 से 60 मीटर पहले प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, बीएमसी और मुंबई पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भुलेश्वर गणपति मंडल के अध्यक्ष समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी के रूप में हुई है।

हादसे में वैभव घेनांद (38), पवन चौरसिया (25), पांच वर्षीय लावण्या गनेर, सात वर्षीय दिव्या गनेर और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

गौरतलब है कि मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाता है। सार्वजनिक गणेश मंडलों में प्रतिमाओं की स्थापना के लिए तैयारियां कई सप्ताह पहले शुरू हो जाती हैं। इस वर्ष महाराष्ट्र में गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता मौजूद रहते हैं। ऐसे में इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button