क्राइम न्यूज़देश विदेशबड़ी खबर

आवारा कुत्ते का आतंक: 3 साल की बच्ची के चेहरे पर 12 टांके, दहशत में लोग

 

बीड। महाराष्ट्र के बीड शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। धांडे नगर इलाके के शिवतेज नगर में घर के सामने खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल शिवांशी रामेश्वर घोलप का नगर नाका स्थित जनाई हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर 12 टांके लगाए हैं।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अभिभावकों में बच्चों को घर से बाहर भेजने को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन नगरपालिका प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

पिछले सप्ताह बीड के मोमीनपुरा पेठ इलाके में भी आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आई थीं। कई नागरिकों को कुत्तों के हमले का सामना करना पड़ा था। इससे पहले पिछले महीने धानोर रोड इलाके में घर के दरवाजे पर खड़ी एक मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। कुत्ते बच्ची को घर के दरवाजे से घसीटते हुए सड़क तक ले गए थे। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश फैल गया था।

अब धांडे नगर में फिर मासूम बच्ची पर हमला होने से नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। खासकर बच्चों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों का बंदोबस्त किया जाए।

Author

Related Articles

Back to top button