देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

एएमयू कैंपस में कार में शराब पीते मिले युवक-युवती, छात्रों ने घेरा; पुलिस के हवाले

 

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) कैंपस में वाइस चांसलर आवास के पास कार में युवक और युवती के शराब के नशे में मिलने से हड़कंप मच गया। छात्रों ने कार को घेर लिया। इस दौरान कार को नुकसान पहुंचाए जाने की भी बात सामने आई है। बाद में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया गया कि छात्रों ने कैंपस में एक बिना नंबर प्लेट की कार खड़ी देखी। कार के पास एक युवक और युवती के बीच विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती अपने साथ मौजूद युवक से मारपीट कर रही थी। इसी दौरान कार में मौजूद एक युवक वहां से निकलकर लाइब्रेरी की ओर चला गया और कथित तौर पर रिसर्च डिवीजन में पहुंच गया। छात्रों ने उसे वहां से बाहर निकाला।

मामले की जानकारी मिलने पर यूनिवर्सिटी की टीम मौके पर पहुंची। एएमयू प्रॉक्टर के मुताबिक, युवक और युवती दोनों नशे की हालत में थे। महिला टीम की मौजूदगी में युवती को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। उसने वॉशरूम में उल्टियां भी कीं। युवक की तबीयत भी बिगड़ गई और उसे भी उल्टियां हुईं।

इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस कैंपस पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ ले गई। पुलिस अब दोनों की पहचान, कैंपस में प्रवेश करने के तरीके और पूरे घटनाक्रम की वजह की जांच कर रही है।

छात्र फैसल त्यागी ने बताया कि बिना नंबर प्लेट की कार कैंपस में खड़ी थी और उसमें एक युवती युवक से मारपीट कर रही थी। इसकी सूचना प्रॉक्टर को दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाकर दोनों को सौंप दिया गया। प्रोफेसर नवेद खान ने भी बताया कि कार में सवार युवक-युवती नशे में थे और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button