जियावन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गौवंश से भरी पिकअप जब्त, दो आरोपियों पर मामला दर्ज
सिंगरौली। गौवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ जियावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 नग गौवंश से भरी पिकअप वाहन जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि वाहन चालक फरार हो गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को थाना जियावन में पदस्थ कार्यवाहक सउनि तेजबहादुर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरौधा की ओर से एक सफेद रंग की पिकअप में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर वध के लिए चितरंगी के जंगल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने प्र.आर. 527 दिनेश कुमार एवं स्वतंत्र गवाहों के साथ ग्राम चौराडांड के पास नाकाबंदी की।
इसी दौरान सरौधा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप क्रमांक MP65GA5001 को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 3 गाय, 2 बछड़े और 4 बछिया सहित कुल 9 गौवंश रस्सियों से ठूंस-ठूंसकर बंधे मिले। इनके लिए वाहन में चारा-पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी।
पुलिस ने वाहन में मौजूद अतुल कुमार दुबे उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गीडा, चौकी बरका, थाना सरई को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने फरार चालक का नाम प्रीतम सिंह, निवासी साजापानी, थाना सरई बताया।
पुलिस ने मौके पर 5 लाख रुपए मूल्य का पिकअप वाहन और 21 हजार रुपए मूल्य के 9 गौवंश जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 5 लाख 21 हजार रुपए है। जब्ती की संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई। जियावन थाने में धारा 4, 6, 9 मप्र गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, धारा 6(ए), 11 मप्र कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम तथा धारा 11(1)(घ) पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जप्त गौवंश को सुरक्षा के लिए थाना परिसर में रखकर चारे-पानी की व्यवस्था की गई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी जियावन उपनिरीक्षक शेष नारायण दुबे के नेतृत्व में कार्यवाहक सउनि तेजबहादुर सिंह, प्र.आर. 527 दिनेश कुमार एवं थाना टीम की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता या अवैध परिवहन की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।










