मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को मिला नया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस विवेक रूसिया संभालेंगे जिम्मेदारी
जस्टिस संजीव सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत होने के बाद जारी हुए नियुक्ति आदेश

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश विवेक रूसिया को राज्य का नया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति संबंधी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह नियुक्ति पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा के उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त होने के बाद की गई है।
जबलपुर के कोतवाली क्षेत्र के मूल निवासी जस्टिस विवेक रूसिया इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में स्थायी न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अब वे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायालय की प्रशासनिक और न्यायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
1992 में शुरू किया था विधि क्षेत्र का सफर
जस्टिस विवेक रूसिया का जन्म 2 अगस्त 1969 को जबलपुर में हुआ था। उन्होंने विज्ञान स्नातक और विधि स्नातक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद 8 अगस्त 1992 को मध्य प्रदेश राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। उनके पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया भी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता रहे थे।
उन्होंने अपने विधिक करियर की शुरुआत वरिष्ठ अधिवक्ताओं स्वर्गीय पी. सदाशिवन नायर, इंदिरा नायर तथा बाद में हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायाधीश रहे राजेंद्र मेनन के मार्गदर्शन में की।
सरकारी और कॉर्पोरेट संस्थानों के रहे विधिक सलाहकार
वर्ष 1998 में स्वतंत्र वकालत शुरू करने के बाद जस्टिस रूसिया ने कई प्रमुख सार्वजनिक उपक्रमों और सरकारी संस्थाओं का प्रतिनिधित्व किया। वे Coal India Limited, South Eastern Coalfields Limited, Western Coalfields Limited तथा Northern Coalfields Limited सहित कई प्रमुख कोयला कंपनियों के पैनल अधिवक्ता रहे।
इसके अलावा उन्होंने ऊर्जा, आवास, अधोसंरचना और स्थानीय निकायों से जुड़े विभिन्न संस्थानों की ओर से भी न्यायालय में पैरवी की। वे भारत सरकार के स्थायी अधिवक्ता तथा हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं।
जस्टिस विवेक रूसिया को 7 अप्रैल 2016 को हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, जबकि 17 मार्च 2018 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। अब कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति न्यायिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जा रही है।













