ब्लूम चौक की मेडिकल दुकान में देर रात लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक

जबलपुर। शहर के व्यावसायिक क्षेत्र ब्लूम चौक स्थित दवा मार्केट में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक मेडिकल दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार ब्लूम चौक स्थित प्रियांश शिवानी प्रेम मेडिकल में आग लगी थी। सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से दुकान में रखा दवाइयों और अन्य सामग्री का लाखों रुपये मूल्य का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।













