सफाई मित्रों को मिला सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा का दिया गया संदेश
इंडियन रेडक्रास सोसायटी ने वितरित की हाइजीनिक किट, जल्द लगेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

सिंगरौली। स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रास सोसायटी सिंगरौली द्वारा सोमवार को गनियारी बैढ़न स्थित सिटाडेल अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट में जागरूकता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों को हाइजीनिक और सेनेटरी किट वितरित कर उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारियों ने सफाई कर्मियों को संक्रमण से बचाव, नियमित हाथ धोने, मास्क एवं सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि सफाई मित्र समाज की स्वच्छता व्यवस्था की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर रेडक्रास सोसायटी ने घोषणा की कि आगामी दिनों में सिटाडेल प्लांट परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में कर्मचारियों एवं आसपास के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस घोषणा का उपस्थित कर्मचारियों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान सिटाडेल प्रबंधन ने रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए रेडक्रास सोसायटी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रास सोसायटी सिंगरौली के चेयरमैन एस.डी. सिंह, सचिव डॉ. ओ.पी. राय, नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी बाल गोविंद चतुर्वेदी, प्रबंध समिति सदस्य विवेक कुमार त्रिपाठी, सिटाडेल मैनेजर रावेंद्र सिंह, आशीष शुक्ला, मुकुल किशोर, शिरीन, जयप्रकाश दुबे, श्याम बाबू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे। अंत में सफाई कर्मियों ने रेडक्रास सोसायटी एवं सिटाडेल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।













