सिंहस्थ-2028 की तैयारियां शुरू, सिंगरौली पुलिस में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

सिंगरौली। सिंहस्थ-2028 महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को ध्यान में रखते हुए सिंगरौली पुलिस द्वारा विशेष तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंस हॉल में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, निरीक्षक राकेश साहू, सूबेदार आशीष तिवारी सहित जिले के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार किए गए प्रशिक्षण मॉड्यूल के तहत जिले के कुल 658 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण तब तक जारी रहेगा, जब तक जिले का संपूर्ण पुलिस बल प्रशिक्षित नहीं हो जाता।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को सिंहस्थ महापर्व की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, अभिसूचना संकलन, वीआईपी मूवमेंट, आपदा प्रबंधन, आतंकवाद एवं नक्सल गतिविधियों से सुरक्षा, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, सीसीटीवी निगरानी, विस्फोटक पदार्थों की पहचान एवं मेडिकल इमरजेंसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रतिदिन पीटी, योग एवं मेडिटेशन का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पुलिस बल शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बना रहे। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं, विदेशी पर्यटकों एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ व्यवहार, संवाद कौशल एवं सॉफ्ट स्किल्स पर भी विशेष सत्र आयोजित होंगे।
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे आयोजन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण भविष्य में पुलिस बल को बेहतर सेवाएं देने और सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने में सहायक सिद्ध होगा।













