श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत कर मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग यात्रा के लिए किया गया विदा

सिंगरौली। श्रीशैलम स्थित पवित्र मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग एवं माता भ्रमराम्बा देवी मंदिर की तीर्थयात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं का सोमवार को भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष राम शिरोमणि शाहवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर हर्षोल्लास एवं बाजे-गाजे के साथ यात्रा के लिए विदाई दी गई।
तीर्थयात्रियों के 40 सदस्यीय जत्थे में वरिष्ठ व्यापारी एवं उद्योगपति नारायण दास जायसवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, जायसवाल समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मास्टर के.के. जायसवाल, मोहनदास जायसवाल, हरिदास गुप्ता, भीमलदास हरचंदानी (शंकर), रामजतन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भी शामिल रहीं।
इस अवसर पर राम शिरोमणि शाहवाल ने कहा कि क्षेत्र के श्रद्धालुओं का भगवान मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जाना पूरे सिंगरौली जिले के लिए गौरव और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि भगवान मल्लिकार्जुन द्वादश ज्योतिर्लिंगों में विशेष स्थान रखते हैं और यहां की गई श्रद्धापूर्ण प्रार्थना भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सिंगरौली जिले की खुशहाली, शांति और विकास के लिए विशेष प्रार्थना करने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि विभिन्न समाजों के लोगों ने एकजुट होकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान मध्य प्रदेश अल्पसंख्यक विकास कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद खान (रिंकू), अजमल राजा, अफसर हुसैन (बब्बू भाई) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ, कांग्रेस संगठन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत माहौल में उपस्थित लोगों ने तीर्थयात्रियों की सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।













