जबलपुर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 80 हजार की रिश्वत लेते शहपुरा का आरआई रंगे हाथों गिरफ्तार

जबलपुर:जबलपुर के रतन नगर (गोरखपुर) क्षेत्र में मंगलवार, 2 जून की सुबह लोकायुक्त पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त की टीम ने शहपुरा तहसील के राजस्व निरीक्षक (आरआई) करण सिंह लोधी को एक व्यापारी से 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरआई ने यह रिश्वत जमीन के सीमांकन (Demarcation) के बदले मांगी थी।
मटर प्लांट के लिए खरीदी थी जमीन
लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव के अनुसार, शिकायतकर्ता व्यापारी रोहित कुमार जैन ने अपने कुछ व्यावसायिक साझेदारों के साथ मिलकर शहपुरा तहसील के कोलोन गांव में मटर प्लांट स्थापित करने के लिए एक जमीन खरीदी थी। इस जमीन के सीमांकन के लिए उन्होंने शहपुरा तहसील कार्यालय में विधिवत आवेदन दिया था।
एक लाख रुपए मांगी थी घूस
शिकायतकर्ता रोहित जैन ने बताया कि आवेदन जमा होने के बाद भी आरआई करण सिंह लोधी सीमांकन कार्य में लगातार लेटलतीफी कर रहे थे। जब उन्होंने आरआई से मिलकर बात की, तो आरआई ने सीमांकन करने के एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। व्यापारी द्वारा पूर्व में 20 हजार रुपए दिए जाने के बावजूद आरआई पूरे पैसे के लिए अड़ा रहा।
लोकायुक्त ने बिछाया जाल
आरआई की प्रताड़ना से तंग आकर व्यापारी ने इसकी लिखित शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत का गोपनीय सत्यापन होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार सुबह जैसे ही रोहित जैन ने रतन कॉलोनी गोरखपुर स्थित आरआई के घर के सामने उन्हें रिश्वत के बाकी 80 हजार रुपए थमाए, वैसे ही पहले से तैयार लोकायुक्त की टीम ने आरआई करण सिंह लोधी को दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।













