देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली के मुकुंदपुर में बड़ा हादसा: सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, मलबे से 6 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली:राजधानी के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार, 2 जून की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। भलस्वा डेरी के पास स्थित मुकुंदपुर-2 के ईशु विहार में एक मकान में एलपीजी (LPG) सिलेंडर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग व राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

दमकल की 5 गाड़ियों ने शुरू किया रेस्क्यू
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह 9:37 बजे ईशु विहार की गली नंबर-1 से मकान गिरने और धमाके की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी गिरिराज ने बताया कि शुरुआती जांच में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट ही हादसे की मुख्य वजह नजर आ रहा है। विस्फोट इतना भीषण था कि करीब 250 वर्ग गज में फैला एक मंजिला मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया।

महिलाओं सहित 6 लोग बचाए गए, अस्पताल में भर्ती
राहत और बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलबे से अब तक 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। बचाए गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। मलबे से निकाले गए लोगों में से दो को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी बीएसए (BSA) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मजदूरों का आशियाना था मकान
मिली जानकारी के अनुसार, इस मकान में कुछ मजदूर अपने परिवारों के साथ किराए पर रहते थे। फिलहाल क्रेन और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अब किसी और व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका काफी कम है, लेकिन एहतियात के तौर पर सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button