कोलकाता: सौरव गांगुली की सुरक्षा घटाकर ‘वाई श्रेणी’ में किया गया

कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) के वर्तमान अध्यक्ष सौरव गांगुली की सुरक्षा घटा दी गई है। पश्चिम बंगाल की नवनियुक्त भाजपा सरकार ने पूर्व कप्तान को अब ‘जेड श्रेणी’ की जगह ‘वाई श्रेणी’ की सुरक्षा प्रदान करने का फैसला लिया है।
राज्य सरकार ने यह निर्णय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गांगुली की सुरक्षा का विश्लेषण करने के बाद लिया। अधिकारियों के अनुसार, नए सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत गांगुली को अब जेड श्रेणी की सुरक्षा की आवश्यकता नहीं थी। राज्य भर में वीआईपी सुरक्षा का पुनरीक्षण करते हुए यह फैसला किया गया है।
गौरतलब है कि 2023 में गांगुली की सुरक्षा वाई श्रेणी से जेड श्रेणी में बढ़ाई गई थी। गांगुली संन्यास लेने के बाद भी भारतीय क्रिकेट में सक्रिय हैं और विशेषकर पश्चिम बंगाल में उनकी लोकप्रियता और प्रभाव बहुत अधिक है।
सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। उन्होंने भारतीय टीम को मजबूत बनाने के लिए हरभजन सिंह, जहीर खान, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ और एमएस धोनी जैसे खिलाड़ियों को मौका दिया। संन्यास के बाद गांगुली क्रिकेट प्रशासन में भी सक्रिय हैं और बीसीसीआई अध्यक्ष का पद संभालने के बाद फिर से कैब की कमान अपने हाथ में रख चुके हैं।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में यह कमी किसी भी तरह से उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को प्रभावित नहीं करेगी।













