सिंगरौली में यातायात पुलिस का विशेष अभियान: 30 से अधिक ओवरलोड ऑटो वाहनों पर कार्यवाही

सिंगरौली। यातायात पुलिस सिंगरौली ने जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाकर 30 से अधिक ओवरलोड ऑटो वाहनों पर सख्त कार्यवाही की। अभियान के दौरान चालकों को यातायात नियमों और वाहन के वैध दस्तावेजों के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन में अभियान के दौरान ऑटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, वाहन बीमा, पंजीयन और फिटनेस प्रमाणपत्र की भी गहन जांच की गई। अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि ओवरलोडिंग न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों के जीवन और सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है।
यातायात पुलिस ने बताया कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है और आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर चोटें आ सकती हैं। वाहन संचालन के समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे ओवरलोड वाहनों में यात्रा करने से बचें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।













