नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार
जियावन पुलिस की कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी भेजा गया जेल

सिंगरौली। थाना जियावन पुलिस ने नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री मिश्रा के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 13 मार्च 2026 को 16 वर्षीय किशोरी ने थाना जियावन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि सुबह करीब 9 बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान पड़ोसी अमजद खान उर्फ मोनू घर में घुस आया और गलत नियत से उसका हाथ पकड़कर जबरन अंदर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया। इसी बीच किशोरी का भाई मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना जियावन में अपराध क्रमांक 118/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विवेचना शुरू की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी अमजद खान उर्फ मोनू (21 वर्ष), निवासी ग्राम जियावन को 1 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर जिला जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शेषनारायण दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक यज्ञ लाल वर्मा, उपनिरीक्षक इंद्रपाल वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक आशीष द्विवेदी एवं प्रधान आरक्षक रमेश चंदन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













