ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी बोट प्वाइंट पर नहाने गए दो युवक लापता

कपड़े मिलने के बाद मची सनसनी, डूबने की आशंका; गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

सिंगरौली। थाना शक्तिनगर क्षेत्र स्थित एनटीपीसी बोट प्वाइंट पर मंगलवार दोपहर नहाने गए दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। घटनास्थल पर दोनों के कपड़े मिलने के बाद उनके गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा तलाश अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, कोटा बस्ती निवासी अंकित कुमार (17) पुत्र उदय कुमार एवं पीयूष कुमार (18) पुत्र मिथलेश कुमार मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे बोट प्वाइंट पर नहाने गए थे। कुछ समय बाद वहां मौजूद एक व्यक्ति की नजर किनारे पर रखे कपड़ों पर पड़ी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद दोनों युवक कहीं दिखाई नहीं दिए। इसके बाद स्थानीय लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।

सूचना मिलते ही शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर युवकों की पहचान कर उनके परिजनों को जानकारी दी गई। कपड़े देखकर परिजनों ने दोनों की पहचान की, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए।

थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि किसी प्रत्यक्षदर्शी ने दोनों युवकों को डूबते हुए नहीं देखा है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों और मिले कपड़ों के आधार पर आशंका है कि दोनों नहाते समय गहरे पानी में चले गए होंगे। पुलिस द्वारा गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में मातम का माहौल बन गया। परिजन देर शाम तक घटनास्थल पर डटे रहे और युवकों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए रहे।

Author

Related Articles

Back to top button