तेज रफ्तार कैंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत
हादसे में एक का पैर कटा, हालत गंभीर; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हंगामा, पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के खुटार चौकी अंतर्गत देवरी मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और हंगामा करने लगे।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कसर निवासी परविंद्र शाह (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार अनूज सिंह (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि अनूज सिंह का एक पैर कटकर अलग हो गया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद परविंद्र शाह के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का दृश्य देखकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर किया विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर हंगामा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।
वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि हादसे में शामिल कैंपर वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।













