एनसीएल के कोलयार्ड में लगी भीषण आग, करोड़ों के कोयले के नुकसान की आशंका
निगाही परियोजना के ईस्ट कोलयार्ड में धधका कोयले का विशाल भंडार; स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की निगाही परियोजना के ईस्ट कोलयार्ड पैकेज-बी में कोयले के विशाल भंडार में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बुधवार को सामने आए वीडियो में कोयले के बड़े ढेर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। घटना से करोड़ों रुपये मूल्य के कोयले के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोलयार्ड में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए पानी के टैंकरों, डोजरों और नियमित निगरानी की व्यवस्था होने के बावजूद समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। लोगों का कहना है कि यदि शुरुआती स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।
कोयले के बड़े भंडार में लगी आग का असर उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। क्षेत्र में आग की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल उठा रहे हैं।
घटना पर एनसीएल के जनसंपर्क अधिकारी रामविजय सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में कोयले के भंडार में स्वतः आग लगना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि एनसीएल की फायर फाइटर टीमें लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और आग बुझाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
आग लगने की घटना के बाद एनसीएल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। हालांकि प्रबंधन की ओर से मामले की जांच कराने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है।













