मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा: निजी अस्पताल के ICU में आग लगने से 5 मरीजों की मौत, 20 झुलसे

मुजफ्फरपुर:बिहार के मुजफ्फरपुर में बुधवार देर रात एक निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में भीषण आग लगने से पांच मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जिसके तुरंत बाद आईसीयू में लगे एसी (AC) में जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
खिड़कियां तोड़कर निकाले गए मरीज, स्टाफ पर भागने का आरोप
अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर आईसीयू वार्ड होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और खिड़कियां व दरवाजे तोड़कर फंसे हुए मरीजों को बाहर निकाला।
मरीजों के परिजनों और चश्मदीदों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय निवासी धीरज गिरी ने बताया कि रात में अचानक चीख-पुकार मच गई। चारों तरफ इतना घना धुआं था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। परिजनों का आरोप है कि आग लगते ही डॉक्टर और अस्पताल का स्टाफ मरीजों को तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गया। दमकल विभाग के अधिकारी ने भी पुष्टि की है कि रेस्क्यू टीम के पहुंचने पर अस्पताल का अधिकांश स्टाफ वहां मौजूद नहीं था। परिजन खुद अपने मरीजों को स्ट्रेचर और गोद में उठाकर बाहर लाते देखे गए।
चार मृतकों की हुई पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों में से चार की पहचान हो चुकी है। मृतकों में गीता देवी, चंचला कुमारी, उदय कुमार (57 वर्ष) और शशांक कुमार (30 वर्ष) शामिल हैं, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस पर जल्दबाजी में शवों को हटाने और मौत का आंकड़ा छिपाने का भी आरोप लगाया है।
सियासी हलचल: मुख्यमंत्री ने जताया दुख, स्वास्थ्य मंत्री ने साधी चुप्पी
इस दर्दनाक हादसे पर सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दूसरी ओर, मामले ने उस समय राजनीतिक तूल पकड़ लिया जब स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से इस हादसे को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली। हादसे के तुरंत बाद स्वास्थ्य मंत्री, राज्यसभा सांसद संजय झा के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जिससे स्थानीय जनता और विपक्ष में भारी आक्रोश है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुट गई हैं।













