पहली बारिश में ही डूबा पचौर-देवरा ओवरब्रिज, ठेकेदार की लापरवाही से ठहरा आवागमन

सिंगरौली: जिले के बरगवां तहसील अंतर्गत ग्राम पचौर-देवरा के समीप स्थित रेलवे ओवरब्रिज पहली ही बारिश में लोगों के लिए मुसीबत बन गया। सोमवार को हुई हल्की बारिश के बाद पुल के नीचे भारी जलभराव हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन पुल के नीचे से गुजर ही नहीं सके और राहगीरों को घंटों परेशान होना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस मामले में टीएचडीसी (THDC) कम्पनी के ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के दौरान पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। न तो नाली बनाई गई और न ही पानी बहाव के लिए ढलान छोड़ा गया, जिसके कारण हल्की बारिश में ही पूरा मार्ग तालाब में बदल गया।
जलभराव इतना अधिक था कि राहगीरों को पानी के बीच से जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ा। कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए, जबकि चारपहिया वाहन चालकों को वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि लगातार बारिश हुई तो यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाएगा।
ओवरब्रिज के नीचे रास्ता बंद होने के कारण लोग सीधे रेलवे ट्रैक पार कर आवागमन करने को मजबूर हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ठेकेदार और टीएचडीसी (THDC) कम्पनी अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई है, जिसका खामियाजा अब आम जनता भुगत रही है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और कम्पनी प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। मानसून सक्रिय होने पर हालात और गंभीर हो सकते हैं और पुल के नीचे कई फीट पानी भरने की संभावना है।













