गैस सिलेंडर ब्लास्ट से बाजार में आग, छह गुमटियां जलकर राख
जियावन बाजार में हुआ हादसा, व्यापारियों को लाखों के नुकसान का अनुमान

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र के बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक चाय-नाश्ते की दुकान में रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। विस्फोट के बाद दुकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास की अन्य गुमटियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में छह गुमटियां जलकर राख हो गईं। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया तथा दुकानों में रखा सामान सुरक्षित निकालने की कोशिश की।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। तब तक कई गुमटियां और उनमें रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया।
जियावन एसडीओपी गायत्री मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलेंडर विस्फोट सामने आया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।













