ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्टेडियम पहुंचे एसपी, खिलाड़ियों को दिया अनुशासन और सड़क सुरक्षा का संदेश

सिंगरौली। राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम बैढ़न में आयोजित समर कैंप के दौरान सिंगरौली पुलिस अधीक्षक षियाज के. एम. खिलाड़ियों के बीच पहुंचे और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण ले रहे बालक-बालिकाओं से संवाद कर खेलों के महत्व, अनुशासन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
समर कैंप में क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और खो-खो सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों से एसपी ने उनके अभ्यास, लक्ष्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। मैदान में सीखे गए संस्कार जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में मदद करते हैं।

संवाद के दौरान एसपी ने बच्चों से पूछा कि उनमें से कौन-कौन बाइक चलाना जानता है। कुछ कम उम्र के बच्चों के हाथ उठाने पर उन्होंने समझाइश देते हुए कहा कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन गलत होने के साथ-साथ खतरनाक भी है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित उम्र के बाद ही लाइसेंस बनवाकर वाहन चलाएं।

उन्होंने बच्चों के माध्यम से परिवारों को भी हेलमेट पहनने का संदेश दिया। एसपी ने कहा कि जब भी माता-पिता या अन्य परिजन दोपहिया वाहन से बाहर निकलें, बच्चे उन्हें हेलमेट पहनने की याद दिलाएं। हेलमेट जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है।

एसपी ने खिलाड़ियों को नशे और बुरी आदतों से दूर रहने, मोबाइल व सोशल मीडिया का संतुलित उपयोग करने तथा शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता से ही स्वस्थ और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव है।

Author

Related Articles

Back to top button